चरखी दादरी के भागेश्वरी शिविर में रक्तदान करते रक्तदाता।
चरखी दादरी। माॅडल दादरी जिला बनाओ संगठन की ओर से इमलोटा व सफीपुर गांव में 953वां रक्तदान व चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविरों की अध्यक्षता निरंजन बेनीवाल व मोहित कलकल ने की। बतौर मुख्य अतिथि महंत सरूपानंद ने शिरकत की।
संगठन युवा विंग अध्यक्ष अधिवक्ता अनिल बलवान साहू ने बताया कि एम्स बाढसा की टीम ने 116 यूनिट रक्त एकत्र किया। 198 लोगों की सामान्य बीमारियों की जांच की गई। इसमें चिकित्सक प्रवीन, साक्षी, रवि, विकास, अभिमन्यु ने अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान नरवीर, नरेश प्रजापत, हरेंद्र, नवरत्न, विजय, समुंद्र आदि मौजूद रहे।
शिविर में 114 व्यक्तियों ने किया रक्तदान
चरखी दादरी। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन दिल्ली की ओर से गांव भागेश्वरी के बाबा कान्हानाथ मंदिर में मंगलवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। साथ ही सत्संग कार्यक्रम भी किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रयागराज जोन से पधारे ज्ञान प्रचारक संत आरएल शुक्ला ने की। भिवानी जोन प्रभारी बलदेव राज ने बताया कि शिविर में एम्स झज्जर की चिकित्सक टीम ने 114 यूनिट रक्त संग्रहित किया। डाॅ. दीप्ति रंजन ने संत निरंकारी मिशन को प्रशस्तिपत्र देकर आभार जताया। लोगों ने इन आयोजनों को खूब सराहा। उन्होंने भविष्य में भी ऐेसे शिविर लगाने की सलाह दी है ताकि जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल सके।