दादरी विधायक सुनील सांगवान ने उठाई ओलावृष्टि से किसानों की फसल के नुकसान की भरपाई करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी विधायक सुनील सांगवान ने पिछले दिनों हुई बारिश के साथ ओलावृष्टि से रबी की फसल में हुए खराबे की भरपाई को लेकर प्रभावित क्षेत्रों की स्पेशल गिरदावरी के साथ किसानों को मुआवजा दिलवाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में विधायक ने सीएम से किसानों की फसल के खराबे की भरपाई की मांग भी उठाई है।
विधायक सुनील सांगवान ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लिखे पत्र में बताया कि पिछले दिनों दादरी हलके में बारिश व ओलावृष्टि के चलते 15 गांवों में रबी की फसल को खासा नुकसान हुआ है। विधायक ने बताया कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर उन्होंने अधिकारियों संग प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जायजा लिया था। इस दौरान किसानों को उनकी फसल में हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दया था।
विधायक ने बताया कि दादरी हलके के गांव समसपुर, बौंदकलां, बौंदखुर्द, रणकोली, रानीला, सांकरोड़, मालपोष, सांजरवास, फोगाट, सांवड़, कोहलावास, झिंझर, खातीवास, ऊण व नीमड़ी गांवों में रबी की फसल को काफी नुकसान हुआ है। इन क्षेत्रों में स्पेशल गिरदावरी करवाने व मुआवजे की मांग को लेकर सीएम को पत्र लिखा है। ताकि, किसानों को उनकी फसल के खराबे की भरपाई हो सके।
फोटो 45
विधायक सुनील सांगवान।