मादक बेचने के लिए इमलोटा से भागवी जा रहा था आरोपी, गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव इमलोटा से भागवी मादक पदार्थ बेचने जा रहे युवक को अपराध शाखा टीम ने दबोचा है। उसकी पहचान भागवी निवासी प्रदीप उर्फ माहला के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सदर पुलिस थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि अपराध शाखा टीम इमलोटा में अपराध की रोकथाम के लिए तैनात थी। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि भागवी निवासी प्रदीप उर्फ माहला मादक पदार्थ बेचने का काम करता है। इस दौरान वह मादक पदार्थ लेकर इमलोटा से भागवी पैदल जा रहा है।
सूचना के आधार पर टीम ने भागवी रोड पर दबिश दी तो एक युवक पैदल जाता दिखाई दिया। तभी पुलिस ने युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम प्रदीप बताया। इसके बाद राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई। इस दौरान युवक के कोट की दाहिनी जेब से पॉलिथीन में कुछ नशीला पदार्थ मिला। इसकी जांच करने पर 204 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ। बाद में टीम ने आरोपी को दबोच लिया और थाने ले जाकर केस दर्ज किया।