चरखी दादरी। रविवार को विधायक आवास पर जनसुनवाई के दौरान काफी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और सुझाव लेकर पहुंचे। विधायक सुनील सांगवान ने एक-एक व्यक्ति से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान गांव सांतोर, प्रेमनगर तथा शहर के वार्ड 19 के निवासी पेयजल संकट की शिकायत लेकर विधायक आवास पहुंचे। लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी में पानी की किल्लत से रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मौके पर मौजूद जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता को सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पेयजल समस्या का जल्द और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद या सत्ता नहीं बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है। क्षेत्र की जनता का विश्वास और सहयोग ही उन्हें विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हलके में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ाई जा रही है और हर विभाग को जनता की समस्याओं के प्रति जवाबदेह बनाया जा रहा है।
जनसुनवाई के दौरान लोगों ने प्रशासनिक, विकास और जन सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। जिन मामलों का समाधान तुरंत संभव था उनमें विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।