संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। विधायक सुनील सांगवान ने गर्मी के मौसम में आवश्यक सेवाओं की स्थिति का आकलन करने के लिए शुक्रवार को रेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छ पानी के अलावा, 24 घंटे बिजली उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि मोटरों की तत्काल मरम्मत व नवीनीकरण कराया जाए। इसके अलावा, जहां दूषित पेयजल आपूर्ति हो रही है, वहां पानी के टैंकर भेजने की व्यवस्था की जाए। वहीं, बारिश से पहले जलभराव, पानी निकासी, सड़कों सहित अन्य प्रबंधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक सुनील सांगवान ने शुक्रवार को रेस्ट हाउस में एसडीएम विरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें बारिश सीजन से पहले किए प्रबंधों के अलावा पर्याप्त बिजली-पानी सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर मंथन किया गया। विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों पर बने गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त ब्लैक-टॉप वाले हिस्सों की तेजी से मरम्मत और कच्ची सड़कों को पक्का करने के निर्देश दिए। उन्होंने नहरों व माइनरों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए।