चरखी दादरी। दादरी में प्रदेश का पहला हरे रंग का जिलास्तरीय लघु सचिवालय भवन बन रहा है। 72 करोड़ की लागत से बनने वाले इस भवन का तेजी से काम चल रहा है। भू-तल के साथ पहली मंजिल का लेंटर डाला चुका है और अब तेजी से दूसरी मंजिल का लेंटर लगाने का काम चल रहा है। वहीं, एजेंसी का दावा है कि अगले पांच माह के अंदर लघु सचिवालय भवन का निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
दरअसल, चरखी दादरी जिला के गठन के बाद से ही जिला मुख्यालय पर बड़े प्रशासनिक भवन की जरूरत महसूस की जा रही है। इस समय लोगों को सरकारी दफ्तरों में पहुंचने के लिए इधर-उधर की भागदौड़ करनी पड़ रही है। अधिकारियों के एक ही छत के नीचे बैठने के लिए मौजूदा लघु सचिवालय में पर्याप्त जगह नहीं है और इसके लिए विभागों के कार्यालय अलग-अलग जगहों पर चल रहे हैं।
सभी अधिकारियों को एक छत के नीचे लाने के लिए सरकार चिड़िया मोड़ के पास करीब 24 एकड़ भूमि में लघु सचिवालय बनवा रही है। इसके अलावा यहां पर लगभग 25 एकड़ भूमि पर न्यायिक परिसर का निर्माण भी प्रस्तावित है।
जानिए...नए भवन में किस अधिकारी का कहां होगा कार्यालय
नए लघु सचिवालय के भू-तल पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी। भवन में भूतल पर डीआरओ और डीएसडब्ल्यूओ आदि अधिकारियों के कार्यालय होंगे। भवन की पहली मंजिल पर उपायुक्त कार्यालय और नगराधीश कार्यालय के कार्यालय के लिए स्थान होगा। भवन की दूसरी मंजिल पर अतिरिक्त उपायुक्त, जिला कल्याण अधिकारी, तहसीलदार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी आदि का कार्यालय होगा। भवन की तीसरी मंजिल पर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग से संबंधित अन्य शाखाएं स्थापित की जाएंगी।
- एक ही छत के नीचे बैठे मिलेंगे सभी अधिकारी
शहर में इस समय सरकारी दफ्तर अलग-अलग जगहों पर चल रहे हैं और मौजूद सचिवालय भवन का दायरा कम पड़ने के कारण सभी विभागों की सुविधा लोगों को एक छत के नीचे नहीं मिल पा रही है। महिला एवं बाल विकास विकास, आरटीए कार्यालय समेत अन्य कार्यालय लंबे समय से किराये के भवनों में चल रहे हैं और इनकी शिफ्टिंग के बाद लोगों को नया कार्यालय ढूंढने में काफी दिक्कतें आती हैं। वहीं, लघु सचिवालय भवन का निर्माण पूरा होने के बाद इन विभागों के दफ्तर एक ही छत के नीचे होंगे।
मानसून सीजन के चलते कुछ समय काम रुका रहा लेकिन अब लघु सचिवालय भवन निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। अगले पांच माह में काम पूरा होने की उम्मीद है। यह प्रदेश का पहला हरे रंग का जिला स्तरीय लघु सचिवालय होगा।
-अश्वनी भारद्वाज, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी