चरखी दादरी। बस स्टैंड रोड स्थित एक फास्ट फूड कॉर्नर पर काम करने वाले प्रवासी श्रमिक की जहरीला पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की और सोमवार सुबह सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जिला झुंझुनूं के गांव सुजड़ोला निवासी अंकित पिछले दो माह से शहर के बस स्टैंड रोड स्थित एक फास्ट फूड कॉर्नर पर काम करता था। रविवार देर रात अज्ञात कारणों के चलते उसने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। दुकान पर काम करने वाले अन्य लोगों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सोमवार को मृतक अंकित के पिता दयानंद के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा सौंप दिया।