गांव कारी दास में छापे के दौरान स्टॉक की जांच करती मुख्यमंत्री उड़नदस्ता।
चरखी दादरी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते एवं गुप्तचर इकाई की ओर से सोमवार को बाढड़ा खंड के गांव कारी दास में छापा मारकर 480 क्विंटल बाजरा व 62 क्विंटल कपास पकड़ी गई। इस पर संज्ञान लेकर विभागीय टीम ने मार्केट फीस चोरी करने पर 20,726 रुपये जुर्माना लगा इसका मौके पर ही भुगतान भी करवाया गया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली थी कि गांव कारी दास में अवैध रूप से बाजरा एवं कपास की उपज का भंडारण किया जा रहा है। इस पर रोहतक से टीम दादरी पहुंची और फिर मंडी सुपरवाइजर व गुप्तचर विभाग के कर्मचारियों को साथ लेकर गांव कारी दास में बताई गई जगह पर दबिश दी। वहां जांच की तो एक व्यक्ति के प्लाॅट में 480 क्विंटल बाजरा व 62 क्विंटल कपास का अवैध भंडारण मिला। पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। मंडी सुपरवाइजर विनोद कुमार की ओर से मार्केट फीस चोरी करने पर बाजरा पर 15600 रुपये व कपास पर कुल 5126 रुपये का जुर्माना किया। व्यक्ति की ओर से मौके पर ही जुर्माने का भुगतान कर दिया गया।