संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। मिड-डे मील कार्यकर्ताओं ने वेतन बढ़ोतरी, पक्की नौकरी, बकाया भुगतान व पेंशन लाभ आदि मांगों के लिए 28 अक्तूबर को जिला मुख्यालय पर रोष प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
कस्बे के बिजली घर परिसर में कार्यकर्ताओं की बैठक की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष राकेश देवी ने की। सीटू राज्य उपाध्यक्ष सुखबीर सिंह ने कहा कि मिड-डे मील कार्यकर्ता दादरी नगर में 28 अक्तूबर को डीईओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगी।
सुखबीर ने बताया कि कई महीनों से कार्यकर्ताओं का मानदेय नहीं दिया जा रहा है। वर्दी का पैसा भी नहीं मिल रहा है। मानदेय में कटौती की जा रही है। मानदेय भी 10 महीने का मिलता है जबकि काम 11 महीने करना पड़ता है। इसीलिए शिक्षकों व अन्य स्टाफ की तरह 12 महीने वेतन मिलना चाहिए।
सुखबीर ने कहा कि स्कूल में ड्यूटी के दौरान भोजन बनाते हुए दुर्घटनाओं में घायल व मौत होने पर किसी प्रकार की आर्थिक मदद का प्रावधान नहीं है। ब्लॉक कोषाध्यक्ष अंजू देवी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण का दावा करने वाली केंद्र सरकार ने 11 साल से कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी नहीं की है। इस अवसर पर कविता देवी, निर्मला देवी, राकेश कुमार, सुनीता देवी, मुकेश खोसला, सुनीता, अनीता आदि मौजूद रहीं।