चरखी दादरी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सातौर में गत दिवस दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न ट्रेडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच प्रतिनिधि रोहताश ने मुख्य अतिथि और सेवानिवृत्त सैनिक राधेश्याम ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह के दौरान संस्थान के विभिन्न ट्रेडों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
नौ जिलों के विद्यार्थियों में रोहित ने पाया पहला स्थान
वरिष्ठ अनुदेशक सुमित कुमार ने संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के प्रशिक्षु रोहित ने प्रदेश के नौ जिलों के विद्यार्थियों के बीच आयोजित तकनीकी प्रतिस्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल किया है। उसकी इस उपलब्धि पर हरियाणा सरकार की ओर से उसे सरकारी खर्च पर विशेष प्रशिक्षण के लिए ओडिशा भेजने का निर्णय लिया गया है। इससे संस्थान के साथ-साथ क्षेत्र का गौरव भी बढ़ा है। वहीं, हाल ही में आयोजित युवा महोत्सव में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के प्रशिक्षु गुलशन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके लिए उसे 3100 रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। दोनों विद्यार्थियों की सफलता को संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए अन्य प्रशिक्षुओं को भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
तकनीकी शिक्षा से आत्मनिर्भर बनेंगे युवा
मुख्य अतिथि रोहताश और विशिष्ट अतिथि राधेश्याम ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक कौशल युवाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर खोलते हैं। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की ओर से अतिथियों का आभार जताया गया। इस अवसर पर सुमित कुमार, योगेश कुमार, रविंद्र कुमार, किरण बाला, जगदीप, सुरेश, मनीष, मनीता सहित संस्थान का समस्त स्टाफ और गांव के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।