तेज रफ्तार के चलते बुधवार सुबह एनएच-148 बी पर हुए हादसे में एक और परिवार को जीवनभर का दर्द मिल गया। हादसे में मीनू नामक महिला की मौत हो गई, जबकि रिश्ते में उसकी सास लगने वाली शरबती देवी पीजीआई में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है। हादसे में मीनू ट्रक के पिछले टायरों में फंस गई और करीब 40 कदम तक सड़क पर घिसटती चली गई। सड़क पर पड़े मांस के टुकड़ों को देखकर हर किसी का कलेजा भर आया। हादसे से प्रजापत समाज के 150 गांवों के पूर्व प्रधान प्रताप सिंह के परिवार ने पुत्रवधु गंवा दी, जबकि नवीन के दोनों बेटों के सिर से मां का साया उठ गया।
सड़क हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। हादसे में जान गंवाने वाली मीनू के पति नवीन ने घायल मामनराम और शरबती देवी को अस्पताल पहुंचाया। मीनू की मौत होने की खबर नवीन को फोन पर मिली थी और उसके बाद वह दुर्घटनास्थल पर पहुंचा था। हादसे के बाद एनएन-148 बी पर लोगों की काफी भीड़ लग गई।
मृतका के परिजनों समेत काफी तादाद में मौके पर पहुंच गए, जिससे एनएच की ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो गई। करीब 20 मिनट में वाहनों की कतार एक किलोमीटर दूर स्थित महेंद्रगढ़ चौक तक पहुंच गई। सिटी थाना प्रभारी तेलूराम टीम सहित मौके पर पहुंचे और परिजनों को आश्वस्त करने का आश्वासन दिया। लोगों ने पकड़े गए ट्रक के क्लीनर को सिटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इससे पहले ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।
घायल मामनराम ने ही परिजनों को किया सूचित
सिविल अस्पताल पहुंचे श्रीरामलीला कमेटी के प्रधान एपं प्रताप सिंह के भाई उमेद सिंह ने बताया कि मामनराम, शराबती और मीनू प्रतिदिन खेत में पशुचारा लेने जाती थी। बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे वे घर से बाइक पर सवार होकर निकले थे और कुछ देर बाद ही हादसे में घायल मामनराम ने फोन कर हादसे की परिजनों को जानकारी दी।
पीसीआर में ले गए शव, एंबुलेंस देरी से पहुंचने का आरोप
ट्रक के टायरों के नीचे कुचली गई मीनू का शव पुलिसकर्मी पीसीआर से सिविल अस्पताल ले गए। काफी देर इंतजार करने के बाद भी मौके पर शव लेने एंबुलेंस नहीं पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सड़क के दोनों और खड़े वाहनों को निकलवाने का प्रयास किया, तो लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इसे देखते हुए पुलिस ने शव को ट्रक के नीचे निकाला और पीसीआर में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। वहीं, पीसीआर जाने के बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस के चालक ने बताया कि इससे पहले एंबुलेंस दो घायलों को लेकर अस्पताल गई है और सूचना मिलते ही मौके पर शव लेने पहुंची है।
इस संबंध में आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और ट्रक दोनों को कब्जे में ले लिया है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद मीनू का शव परिजनों को सौंप दिया है।
तेलूराम, सिटी थाना प्रभारी
Meenu slips for 40 steps after the truck gets stuck in the rear tires- फोटो : CharkhiDadri
Meenu slips for 40 steps after the truck gets stuck in the rear tires- फोटो : CharkhiDadri
Meenu slips for 40 steps after the truck gets stuck in the rear tires- फोटो : CharkhiDadri