Truck driver collides with bike, woman dies
- फोटो : CharkhiDadri
एनएच 148 बी पर टमाटरों से भरे ट्रक के चालक ने रोड क्रॉस कर रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक महिला टायरों के बीच में फंस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार और उसकी पत्नी भी हादसे में घायल हो गई। घायल महिला की हालत भी गंभीर है और उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया, जबकि क्लीनर को लोगों ने काबू कर पुलिस को सौंप दिया। हादसे के कारण एनएच की ट्रैफिक व्यवस्था करीब 75 मिनट तक बाधित रही और सैकड़ों वाहन चालक जाम में फंसे रहे। पुलिस ने धारा 304बी, 279, 34 आईपीसी के तहत ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार दादरी शहर के झज्जर घाटी क्षेत्र निवासी मामनराम (65) बुधवार सुबह अपनी पत्नी शरबती (62) और भाई की पुत्रवधू मीनू (30) के साथ बाइक पर कलियाणा रोड स्थित खेत में घास लेने जा रहा था। जब वे कलियाणा मोड़ पर एनएच-148 बी पार करने लगे तो महेंद्रगढ़ चौक की तरफ से तेज रफ्तार आ रहे टमाटरों से भरे ट्रक के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रजापति समाज के पूर्व प्रधान की पुत्रवधू थी मृतका
हादसे में मीनू की मौके पर मौत हो गई, जबकि शरबती और मामनराम घायल हो गए। शरबती को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने पीजीआई रोहतक रेफर किया है, जबकि मामनराम का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतका मीनू प्रजापति समाज के 150 गांवों के पूर्व प्रधान प्रताप सिंह की पुत्रवधू थी। हादसे की खबर मिलते ही काफी तादाद में लोग घटनास्थल पर पहुंचे। मीनू के शव को पीसीआर में सिविल अस्पताल ले जा गया। मौके पर पहुंचे सिटी थाना प्रभारी तेलूराम और ट्रैफिक पुलिस टीम ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटाकर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई।