शहर के महेंद्रगढ़ चुंगी के पास लगे मीट के खोखे।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर के महेंद्रगढ़ चुंगी से वाल्मीकि नगर तक मीट की दुकानें फिर सज गई हैं। करीब 200 मीटर के दायरे में 12 से ज्यादा खोखे रखकर कारोबार शुरू कर दिया गया है। दो महीने पहले प्रशासन ने यहां से मीट की दुकानें हटवाई थीं लेकिन कार्रवाई का असर ज्यादा दिन नहीं टिक सका। अब उसी जगह फिर खोखे नजर आने लगे हैं। सरेआम यहां पर जानवरों को काटा जा रहा है, जिसके कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्रवाई हुई लेकिन बाजार फिर आबाद
महेंद्रगढ़ चुंगी से वाल्मीकि नगर तक सड़क किनारे मीट के खोखे फिर से लगने शुरू हो गए हैं। करीब 200 मीटर के क्षेत्र में 12 से अधिक खोखे होने से यहां दोबारा मीट का बाजार खड़ा हो गया है। दो महीने पहले प्रशासन ने इन दुकानों को हटवाकर कार्रवाई की थी। इसके बावजूद फिर से खोखे रखे जाने से कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। राहगीरों को कहना है कि यहां कारोबार की अनुमति नहीं है तो अवैध रूप से रखे गए खोखों पर दोबारा कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
राहगीरों की परेशानी
इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे खोखे लगने से क्षेत्र में कारोबार का जमावड़ा फिर बढ़ गया है। लोगों के लिए समस्या सिर्फ दुकानों के दोबारा खुलने की नहीं बल्कि शहर में मीट कारोबार को व्यवस्थित करने की भी है। प्रशासन की ओर से पहले कार्रवाई की गई लेकिन दुकानों को दूसरी जगह बसाने की ठोस व्यवस्था नहीं होने से स्थिति फिर पुराने ढर्रे पर लौट आई।
कलियाणा रोड शिफ्टिंग की योजना फेल
मीट की दुकानों को एक जगह शिफ्ट करने के लिए कलियाणा रोड पर मार्केट विकसित करने की योजना बनाई गई थी। इससे सड़क किनारे लगने वाले खोखों पर रोक लगाने और कारोबार को व्यवस्थित करने की उम्मीद थी लेकिन योजना अब तक जमीन पर नहीं उतर पाई है। नतीजतन, महेंद्रगढ़ चुंगी से वाल्मीकि नगर तक फिर से मीट का बाजार सज गया है।
वर्सन:
मीट की दुकानों के लिए विशेषतौर पर व्यवस्था की जाएगी। इन्हें शहर से बाहर शिफ्ट किया जाना है। इस पर योजना बनाई जा रही है। जल्द इन्हें शहर से बाहर भेजा जाएगा।- बख्शी सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद