चरखी दादरी जिले में मंगलवार को प्रदूषण का स्तर दर्शाती टेबल।
चरखी दादरी। जिले में मंगलवार को तापमान स्थिर रहा जबकि प्रदूषण का स्तर 18 एक्यूआई बढ़ गया। इस कारण जिले की हवा लगातार पांचवें दिन भी प्रदूषित रही। दिवाली तक इसमें बढ़ोतरी होने की आशंका है।
क्षेत्र में मंगलवार को मौसम शुष्क एवं साफ रहा। दिन का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज किया गया। हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा रही जबकि आद्रता 39 प्रतिशत रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 20 डिग्री था। मंगलवार को इसमें बदलाव नहीं हुआ। सोमवार को प्रदूषण का अधिकतम स्तर 313 और न्यूनतम 112 एक्यूआई दर्ज किया गया था। मंगलवार को अधिकतम स्तर 331 एक्यूआई पहुंच गया जबकि न्यूनतम स्तर 87 एक्यूआई रहा और सोमवार के मुकाबले 25 एक्यूआई की गिरावट दर्ज की गई।
फसल अवशेष जलाने पर जुर्माने संग एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसीचरखी दादरी। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने फसल अवशेष जलाने के मामलों को गंभीरता से लिया है। उन्होंने राज्य के कृषि विभाग को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके पराली या फसल अवशेष जलाने वाले किसान पर जुर्माना लगाने के साथ एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी।उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि मुख्य सचिव ने कृषि विभाग और जिला सभी जिलों के उपायुक्त को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इनके तहत मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल में भी किसान का नाम लाल स्याही से लिखा जाएगा जिससे दोषी किसान आगामी दो फसल मंडी में नहीं बेच सकेगा। इस साल पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिस पर सर्वोच्च न्यायालय ने कड़ा संज्ञान लिया है। कृषि विभाग के अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि जिले के किसानों को पराली न जलाने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।