चरखी दादरी। क्षेत्र में वीरवार सुबह कई भागों में बौछारें गिरीं और दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे। उसके बाद धूप खिल गई। बुधवार की अपेक्षा वीरवार को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम में आए परिवर्तन से दिन का अधिकतम तापमान बुधवार के मुकाबले तीन डिग्री कम हुआ है जबकि न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
वीरवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री व न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया गया। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते सुबह आसमान में बादल छाए। इसके साथ ही कई जगहों में बौछारें भी गिरी जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिला। इन बौछारों ने वातावरण से तपिश थोड़ी कम की है। सुबह मौसम में आए बदलाव के कारण लोगों को राहत मिली है।
बता दें कि पिछले तीन दिन से गर्मी का प्रकोप थोड़ा बढ़ा था। मौसम विभाग के अनुसार 17 जून से मौसम में फिर बदलाव आने का अनुमान है। इससे पहले 15 जून को भी मौसम में परिवर्तन हुआ। दूसरी ओर गर्मी का प्रकोप बढ़ने पर बिजली की खपत भी बढ़ने लगी है। ज्यादा लोड बढ़ने पर रात व दिन के समय पावर कट लगाने पड़ रहे हैं ताकि लोड से पावर सब स्टेशन में फॉल्ट न आ पाए। वहीं, लोग सुबह-शाम ही घरों से बाहर निकलना उचित समझ रहे हैं।