प्रदेश सरकार के प्रत्येक सप्ताह में दो दिन का आंशिक लॉकडाउन रखने के फैसले के पहले दिन दादरी में व्यापक असर देखने को मिला। शहर की 90 प्रतिशत दुकानें बंद रहीं जबकि दस प्रतिशत ही खुली रहीं। इनमें आवश्यक वस्तुओं की दुकानें भी शामिल हैं। गैर आवश्यक सामान दुकाने के कुछ दुकानदार आधे शटर उठाकर ग्राहकों को देते नजर आए। हालांकि पुलिस टीमों ने ऐसी दुकानों को बंद करवा दिया। बेवजह घूमने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती बरती। सामान्य दिनों में दादरी शहर में प्रतिदिन दस करोड़ का कारोबार होता है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सप्ताहांत का लॉकडाउन लगाने की घोषणा शुक्रवार को कर दी। सरकार के नए आदेशों के तहत केवल आवश्यक वस्तुओं से जुड़ी दुकानों को छोड़कर प्रदेश में शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहेंगे। सरकार के इन आदेशों की दादरी शहर में सही से पालन हुआ। शहर के अलावा बाहरी क्षेत्र की दुकानें भी बंद रहीं। शहर के प्रमुख मार्गों पर भी वाहन चालकों की चहल पहल काफी कम रही। हालांकि बाजार में निकले कुछ लोग स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी की पालना करते नजर नहीं आए। पुलिस टीमों ने सड़कों से गुजरने वाले वाहनों को रुकवाकर पूछताछ की और घर से बाहर निकलने का संतोषजनक जवाब न देने वालों के चालान भी किए गए। शनिवार को पुलिस टीमों ने 80 चालान किए। साथ ही मास्क लगाकर न आने वालों को रुकवाकर हिदायतें भी दी गई।
ये बाजार रहे पूर्णतया बंद : बस स्टैंड रोड मार्केट के अलावा पूर्ण मार्केट, शहीद भगत सिंह मार्केट, जांगड़ा मार्केट, पुराना बस स्टैंड रोड, रेलवे रोड मार्केट, पुरानी सब्जी मंडी रोड मार्केट, हीरा चौक मार्केट, लोहारू रोड मार्केट, रोहतक रोड मार्केट, सरदार झाडू सिंह चौक मार्केट, काठमंडी व पुराना अनाज मंडी क्षेत्र की मार्केट पूर्णतया बंद रही।
वार्डों की गलियों में पहुंचीं राइडर : शहर में कुछ जगहों पर तंग गलियों में दुकानें खुली रहीं। ज्यादातर दुकानें ऐसी थीं, जिन्हें खोलने की अनुमति नहीं थी। इन गलियों में बाइक लेकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तुरंत दुकान बंद करने के आदेश दिए और आंशिक लॉकडाउन के दौरान दुकान खोलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
लोकल मार्गों पर बसों ने लगाए 80 फेरे : आंशिक लॉकडाउन के पहले दिन रोडवेज पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। शनिवार को सवारियों की संख्या पिछले कुछ दिनों की तरह ही रही। छह लंबे रूटों को छोड़कर ज्यादातर रूटों पर बसें चलीं। शनिवार को लॉकल रूटों पर 80 बसों के पहिये दौड़े। भिवानी, रोहतक और झज्जर रूट पर बसों ने अधिक फेरे लगाए।
व्यापारी बोले: कोरोना महामारी से लड़ाई में सरकार के साथ
- सरकार के आदेशों का शहर के व्यापारी पूर्णतया पालन कर रहे हैं। दादरी शहर में सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब दस करोड़ का कारोबार होता है। हालांकि अनलॉक में कारोबार का आंकड़ा पांच से छह करोड़ ही रह रहा है। शहर के व्यापारी कोरोना से लड़ाई में सरकार के साथ हैं। -रवींद्र गुप्ता, दादरी नगर व्यापार मंडल कार्यकारी प्रधान।
शनिवार को आंशिक लॉकडाउन के चलते शहर की सभी मार्केट बंद रहीं। केवल आवश्यक वस्तुओं की दुकानें ही शहर में खुली रहीं। शनिवार को बाजार वीरान रहे और ग्राहक भी नहीं आए। कोरोना से जंग में व्यापारी सरकार के साथ हैं। -बलराम गुप्ता, हरियाणा व्यापार मंडल जिला इकाई प्रधान।