चरखी दादरी। पुलिस ने बाइक सवार तस्कर से सवा लाख रुपये की कीमत का 9.7 किलो गांजा बरामद किया है। आरोपी बाइक सवार अपनी पीठ पर दो पिट्ठू बैग लादे हुआ था। जिनकी तलाशी लेने पर उससे 9.7 किलो ग्राम गगांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार इसकी कीमत करीब 1.25 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ झोझूकलां थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
बुधवार को डीएसपी रामसिंह ने बताया कि मंगलवार को एंटी बर्गलरी एवं पीओ स्टाफ टीम एएसआई राकेश के नेतृत्व में झोझूकलां थाना क्षेत्र में अपराध की रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नौरंगाबास जाटान निवासी संजय लाल रंग की बाइक पर नौरंगाबास जाटान की तरफ आएगा। उसके पास काफी मात्रा में गांजा है। सूचना पर पुलिस ने नौरंगाबास जाटाना गांव के समीप नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक लाल रंग की बाइक आती नजर आई। उसे रुकवाकर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम नौरंगाबास जाटान निवासी संजय बताया। तलाशी में आरोपी के कंधे पर लदे दो पिट्ठू बैग की जांच की गई तो उनमें से गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजा की मात्रा नौ किलो 700 ग्राम मिली। टीम ने तुरंत आरोपी को दबोच लिया और उसके खिलाफ झोझूकलां थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
जिले में 1000 से 1500 रुपये में बिक रहा 50 ग्राम गांजा
लॉकडाउन के दौरान जिले में मादक पदार्थों की खेप पहुंचनी बंद हो गई थी लेकिन अनलॉक में मिली रियायतों के चलते मादक पदार्थ फिर से जिले में पहुंचने लगे हैं। लॉकडाउन से पहले जिले में गांजा के रेट 700 से 900 के बीच थे जो अब बढ़कर 1000 से 1500 के बीच हो गए हैं। हालांकि पिछले एक माह से पुलिस भी करीब 21 किलोग्राम मादक पदार्थ समेत तस्करों को काबू कर चुकी है।
पिछले एक माह में कब और कितनी मात्रा में पकड़े गए मादक पदार्थ
पुलिस टीम ने गत 22 जून को सारंगपुर मोड़ से डोहकी हरिया निवासी विरेंद्र को गिरफ्तार कर 145 ग्राम चरस बरामद की थी।
- गत 27 जून को पोकरवास टी-प्वाइंट से गाड़ी सवार दिल्ली व हरिद्वार निवासी दो लोगों से पुलिस ने 1.200 किलोग्राम चरस बरामद की थी।
- गत 12 जुलाई को पुलिस ने लेघा व कारीरूपा निवासी दो लोगों से जुई-बाढड़ा रोड पर 4.533 किलोग्राम चरस बरामद की थी।
- गत 18 जुलाई को मंदोली टी-प्वाइंट से पुलिस ने इयोन सवार दो युवकों से 6.013 किलोग्राम चरस बरामद की है।
- गत 28 जून को बाढड़ा निवासी नरेश को 46.5 ग्राम स्मैक और 2800 की नकदी समेत गिरफ्तार किया था। उसने 50 ग्राम स्मैक लाने की हामीं भरी थी।
- गत 19 जुलाई को पुलिस ने करीब छह किलोग्राम चरस बरामद की थी। पुलिस ने इस संबंध में दो तस्करों को काबू किया था और उनके खिलाफ केस दर्ज है।
- गत 20 जुलाई को पुलिस ने वाल्मीकि बस्ती से एक तस्कर को 41 ग्राम गांजा समेत गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ सिटी थाने में केस दर्ज है।
पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। पिछले एक माह में करीब एक दर्जन तस्करों को पुलिस टीमें गिरफ्तार कर 21 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ बरामद कर चुकी है।
- रामसिंह, डीएसपी