गांव खेड़ी बत्तर की फिरनी पर की गई मारपीट, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव खेड़ी बत्तर की फिरनी पर रास्ता रोककर कार सवार मामा-भांजे के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल के बयान पर पुलिस ने चार नामजद व 8 अन्य आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में घायल जयबीर ने बताया कि वह गांव खेड़ी बत्तर का निवासी है। खेती करता है। 31 मई की रात को करीब 8 बजे अपनी कार लेकर भांजे दीपक के साथ घर आ रहा था। उसी दौरान पीछे से एक कैंपर आई और चालक ने कैंपर को उनकी गाड़ी के आगे लगा दिया। बाद में कैंपर से 12 युवक निकले और गाड़ी पर डंडों व पत्थर से वार करने लगे। इसमें गाड़ी को नुकसान हुआ।
जयबीर ने नीचे उतरकर कारण जानने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और डंडे व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। चोट लगने के कारण तीनों गिर गए। बाद में उनके भाई महावीर ने मौके पर पहुंचकर तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
उनका आरोप है कि गांव निवासी नरेंद्र, साहिल, सोनू, अंकित व 8 अन्यों ने बिना किसी कारण चोट मारी और जाते समय दोबारा पंगा लेने पर मारने की धमकी देकर गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।