Machines were being run in the mining zone by mixing diesel with base oil, three tankers seized
- फोटो : CharkhiDadri
मानकावास माइनिंग जोन में डीजल में बेस ऑयल मिलाकर मशीनें चलाने का मामला सामने आया है। मौके पर पहुंची पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने बेस ऑयल लेकर आए तीन टैंकरों को सील कर दिया है। इन टैंकरों में मिले बेस ऑयल के सैंपल भी लिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पेट्रोल-डीजल से छेड़छाड़ करना नियमों के खिलाफ है और इसके चलते इस संबंध में सदर थाना पुलिस को भी शिकायत दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानकावास माइनिंग जोन में डीजल में बेस ऑयल मिलाकर मशीनें चलाई जा रही हैं। एसेंशियल कमोडिटी एक्ट से जुड़े इस मामले की जानकारी पुलिस ने खाद्य आपूर्ति विभाग को दी। इसके बाद पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और तीन टैंकरों में बचे बेस ऑयल के सैंपल लिए। खाद्य आपूर्ति विभाग ने एसेंशियल कमोडिटी एक्ट 1975 की धारा 3(10 )55 के तहत शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है।
दिल्ली से आए थे तीनों टैंकर
पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि बेस ऑयल लेकर तीनों टैंकर दिल्ली से आए हैं। बेस ऑयल का भाव डीजल से कम होता है और इसके चलते इसकी मिलावट कर मशीनें चलाई जाती हैं। अधिकारियों व पुलिस टीम को माइनिंग कंपनी की सीमा में तीनों बेस ऑयल के टैंकर खड़े मिले हैं। इसके चलते टीम ने माइनिंग कंपनी के कर्मचारियों से भी पूछताछ की, लेकिन कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
नियमों के खिलाफ है पेट्रोल-डीजल से छेड़छाड़ : इंस्पेक्टर यक्ष
फूड ऐंड सप्लाई इंस्पेक्टर यक्ष कुमार ने बताया कि पेट्रोल-डीजल से छेड़छाड़ करना नियमों के खिलाफ है। मानकावास पहाड़ में बेस ऑयल से मशीनें चलाने की सूचना मिली थी। तीनों टैंकरों से हमने सैंपल ले लिए हैं, जिनकी लेबोरेट्री में जांच करवाई जाएगी।