चरखी दादरी। दादरी जिले के दोनों हलकों में हाथ को मतदाताओं का साथ नहीं मिल पाया और भाजपा प्रत्याशी कमल खिलाने में कामयाब रहे। दादरी हलके में भाजपा प्रत्याशी सुनील सांगवान ने 65,568 वोट हासिल कर पहली बार कमल खिलाया जबकि बाढड़ा मे उमेद पातुवास ने दूसरी बार भाजपा को सत्ता दिलाई। कांग्रेस प्रत्याशी दोनों हलकों में दूसरे स्थान पर रहे। खासकर दादरी सीट पर कांटे की टक्कर रही।
दादरी हलके की मतगणना जनता कॉलेज लाइब्रेरी में निर्धारित समय पर सुबह 8 बजे शुरू हुई। दादरी हलके के पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी सुनील सांगवान ने कांग्रेस प्रत्याशी मनीषा सांगवान से बढ़त बनाए रखी जो अंतिम राउंड तक कायम रही। सभी 18 राउंड में भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस प्रत्याशी को पछाड़े रखा।
दादरी हलके में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे संजय छपारिया को 3713 और कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लड़ रहे अजीत फोगाट को 3369 वोट मिले। जजपा प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक राजदीप फोगाट 2000 वोट का आंकड़ा भी नहीं छू पाए।
वहीं, बाढड़ा हलके की मतगणना जेडीकेडीई स्कूल में की गई। पहले राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी सोमवीर श्योराण ने 527 वोटों से बढ़त बनाई, लेकिन, दूसरे राउंड में भाजपा प्रत्याशी उमेद पातुवास ने उन्हें पीछे कर दिया। इसके बाद उमेद पातुवास की बढ़त अंतिम 18वें राउंड तक बरकरार रही। 18वें राउंड तक उमेद पातुवास को 57,889 जबकि सोमवीर श्योराण को 50,430 वोट मिले। बाढड़ा हलके में तीसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी सोमवीर घसोला रहे। उन्हें 26,392 वोट हासिल हुए।