चरखी दादरी। शहर के वार्ड 6 में लोग जनसमस्याओं का दंश झेल रहे हैं। कई घरों में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। घरों के सामने बने चबूतरों से गलियों में अतिक्रमण की समस्या भी बनी है। लटकते बिजली के तारों से हादसों का डर बना हुआ है। वार्डवासी समस्याओं को लेकर कई बार पार्षद से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है।
वार्ड-6 की आबादी करीब चार हजार है। गीता भवन के पीछे कॉलोनी की गली में इंटरलॉकिंग टाइलें धंसी है। घरों के सामने बिजली के तार लटक रहे हैं। वार्ड के श्याम, हनुमान मंदिर क्षेत्र में पेयजल लाइन लीकेज की समस्या बनी है। इसके चलते घरों व मंदिर के सामने पानी भरा हुआ है। गली में अकसर कचरा पड़ा रहता है।
वार्डवासियों का कहना है कि लोगों ने चबूतरे बनाकर गलियाें में अतिक्रमण कर रखा है। इसके चलते गलियां और संकीर्ण होकर आधी ही रह गई हैं। उन्होंने प्रशासन से वार्ड की गलियों में बने चबूतरों को तुड़वाने की मांग भी की है। वार्डवासियों ने बताया कि वे दो साल से दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या का दंश झेल रहे हैं। अब तक इसका समाधान नहीं किया है।
अपने स्तर पर कर चुके प्रयास, नहीं मिल पाई राहत
वार्ड में पिछले दो साल से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। इसके चलते वार्डवासी घरों में पानी के कैंपर रखवाने को विवश हैं। दूषित पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्या की शिकायत कई बार स्थानीय पार्षद के अलावा जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन लंबा समय गुजर जाने के बाद भी समाधान नहीं हो पाया है। - हेमंत कुमार, वार्ड-6
श्याम हनुमान मंदिर के सामने पिछले पांच माह से पेयजल लाइन लीकेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। सप्लाई के दौरान जहां अन्य घरों तक पीने का पानी नही पहुंच पाता तो वहीं लाइन लीकेज वाली जगह पानी सड़क पर व्यर्थ बह रहा है। इसके चलते जलभराव की समस्या बनी रहती है। विभाग को जल्द से जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए। - प्रवीन सिवाल, वार्ड-6
वार्ड की अधिकतर गलियां पहले से तंग है। ऊपर से लोगों ने चबूतरे बनाकर आधी गली को कवर किया हुआ है। आलम ये है कि इन गलियों से दो दोपहिया वाहन चालक एकसाथ नहीं गुजर सकते। प्रशासन तंग गलियों में बनी अतिक्रमण की समस्या पर भी संज्ञान ले। टीम भेजकर चबूतरे तुड़वाए जाएं। - अजय कुमार, वार्ड-6
दादरी गोल्डन ट्रांसपोर्ट से काठमंडी की तरफ आने वाली गली में सफाई व्यवस्था ठप है। गली में एक सप्ताह तक सफाई कर्मचारी नहीं आने से कचरा फैला रहता है। गली के बीच बने सीवर मैनहोल पर लगी जाली टूटी हुई है। प्रशासन से अपील है कि वार्ड में बनी समस्याओं का जल्द समाधान करवाए। - जगदीश कुमार, वार्ड-6
पिछले 19 माह के दौरान सीवर मैनहोल पर 12 जालियां लगवाई हैं। गीता भवन के पीछे स्थित कॉलोनी में 150 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछवाने के साथ तोड़ी गई गली को भी ठीक करवाया है। वार्ड के बचे हुए कार्यों के एस्टीमेट तैयार हो चुके हैं और जल्द सभी समस्याओं का समाधान करवा दिया जाएगा। - नवीन बिंदल, पार्षद, वार्ड-6