मासिक लोक अदालत का दादरी न्यायिक परिसर में शनिवार को आयोजन हुआ। इसमें फौजदारी, वित्तीय, दीवानी, मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम, पारिवारिक आदि से संबधित 315 मामलों का निपटारा किया गया। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश फखरूद्दीन की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की गई।
उनके अलावा अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन अमित शर्मा व मजिस्ट्रेट मुकेश कुमार ने विभिन्न मामलों की सुनवाई की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम शिखा यादव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में 591 मुकदमे सुनवाई के लिए रखे गए। इनमें से दोनों पक्षों की सहमति से 315 मामलों का निपटान कर दिया गया। मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम, फौजदारी, बिजली उपभोक्ताओं व बैंक रिकवरी सहित अन्य मामलों में एक करोड़ 19 लाख 21 हजार 491 रुपये की समझौता राशि देने के आदेश दिए गए। लोक अदालत के आयोजन में दादरी बार के वरिष्ठ अधिवक्ता और एडवोकेट अमित सनवाल, मोहित शर्मा व धर्मबीर वशिष्ठ का सक्रिय योगदान रहा। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शिखा यादव ने बताया कि लोक अदालत में आपसी विवाद का समाधान दोनों पक्षों की सहमति से किया जाता है। इस निर्णय को अंतिम फैसला माना जाता है और इसकी आगे कोई अपील नहीं होती।