चरखी दादरी। शहर में एक बार फिर चोरों के हौसले बुलंद नजर आए। बीती रात करीब एक बजे अज्ञात चोरों ने शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों पुरानी सब्जी मंडी और रेलवे रोड पर एक के बाद एक कई दुकानों को निशाना बनाया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है और पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार पुरानी सब्जी मंडी स्थित रामनिवास हलवाई की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने गल्ले में रखी करीब 9 से 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वीरवार सुबह जब वार्ड नंबर-7 हरिनगर निवासी दुकानदार कुलदीप अपनी दुकान पर पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर नकदी गायब थी।
इसके बाद चोरों ने पास ही स्थित कन्हैया डेयरी की दुकान का शटर भी तोड़ दिया, हालांकि वहां से कोई सामान या नकदी चोरी नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि डेयरी के भीतर कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर चोर घबरा गए और जल्दबाजी में भागने लगे। इसी दौरान डेयरी के सामने खड़े एक ठेले में हलवाई की दुकान से चोरी की गई करीब 2500 रुपये की नकदी पड़ी मिली, जिसे चोर मौके पर ही छोड़ गए।
चोरों ने इसके बाद रेलवे रोड की ओर बढ़ते हुए मित्तल स्वीट्स और उसके साथ लगती राम प्रताप बिशंभर दास क्लोथ मर्चेंट की दुकान के ताले भी तोड़े। हालांकि इन दोनों दुकानों से चोरी होने की पुष्टि नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि चोरों की मंशा और बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी, लेकिन हालात बिगड़ने पर वे फरार हो गए।
पीड़ित दुकानदार कुलदीप की शिकायत पर थाना शहर दादरी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।