जिले के दो खरीद केंद्रों पर पांचवें दिन भी सरसों की खरीद नहीं हो पाई। वहीं, सभी खरीद केंद्रों पर उठान का काम धीमा चल रहा है। इस बीच आज से छह खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक भी शुरू हो जाएगी। ऐसे में उठान न होने से समस्याएं जारी रहेंगी। उठान न होने की पीछे श्रमिकों की किल्लत होना माना जा रहा है। हालांकि बैग सिलाई मशीन की कमी भी उठान कम होने की अहम वजह है। इन सबके बीच खरीद केंद्रों से महज दस फीसदी सरसों की उठान हो सकी है।
वैसे मिसरी और अटेला खरीद केंद्र पर रविवार को भी सरसों की खरीद नहीं हो पाई। वहीं, बाकी 13 केंद्रों पर खरीद कार्य तो हुआ लेकिन उठान में दिक्कतें आ रही हैं। दादरी मंडी के हालात भी कुछ ऐसे ही हैं। यहां आढ़तियों के पास लेबर के अलावा बैग सिलाई मशीनों की किल्लत बनी हुई है। जिसके चलते उठान कार्य रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा। अनाज मंडी की टीन शेडों के नीचे सरसों की ढेरियां और बैग रखे हुए हैं। हालांकि खरीद एजेंसी के अधिकारियों से उठान और खरीद कार्य की अपडेट जिला प्रशासन लगातार ले रहा है।
हरियाणा वेयरहाउस की ओर से अटेला खुर्द, बाढड़ा, बेरला, चरखी, दादरी, इमलोटा, जावा, झिंझर, झोझूकलां, कादमा व दादरी पुरानी मंडी में तो वहीं हैफेड एंजेंसी द्वारा गांव रानीला, ढाणी फौगाट, चिडिय़ा में खरीद की जा रहीं है। जिले में रविवार तक करीब एक लाख 40 हजार क्विंटल सरसों की खरीद की जा चुकी है। अकेले अगर दादरी मंडी की बात करें तो 18 अप्रैल तक 9384 क्विंटल सरसों खरीदी गई है और इनमें से करीब 4000 क्विंटल सरसों की ही उठान हो पाया है।
24 घंटे में थे उठान के आदेश
सरसों खरीद कार्य शुरू होने से पहले उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को खरीदी गई सरसों का उठान 24 घंटे में कराने के आदेश दिए थे। वहीं, गांवों में 24 घंटे में उठान न होने पर ग्राम पंचायत की मार्फत उठान कराने के निर्देश दिए गए थे। अभी तक उपायुक्त के आदेशानुसार खरीद कार्य नहीं हो रहा।
हैफेड ने खरीदी 24683 क्विंटल सरसों, उठान 4500 क्विंटल का ही
हैफेड जिले के छह खरीद केंद्रों पर सरसों की खरीद कर रही है। 18 अप्रैल तक इन सभी खरीद केंद्रों पर 24683 क्विंटल सरसों की खरीद हुई। रविवार दोपहर तक करीब नौ हजार बैग का ही उठान हो पाया। सरसों के बैग कोहलवास स्थिति गोदाम में भेजे जा रहे हैं। हैफेड परचेज मैनेजर विरेंद्र कुमार ने बताया कि लिफ्टिंग कार्य जल्द ही जोर पकड़ेगा और इस संबंध में निर्देश मिल चुके हैं।
वेयरहाऊस ने खरीदी 71897 क्विंटल, उठान 8750 क्विंटल का
वेयरहाउस विक्रय प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि उनकी एजेंसी ने 18 अप्रैल तक 71897 क्विंटल सरसों की खरीद की है। रविवार दोपहर तक 17500 बैग यानि 8750 क्विंटल सरसों का उठान करवाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सरसों के बैग कोहलवास स्थित गोदाम में भेजे जा रहे हैं।