संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। शिक्षा विभाग की ओर से 22 सितंबर को उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत बुजुर्गों की साक्षरता परीक्षा ली जाएगी। उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत मूल्यांकन परीक्षा में खंड बाढड़ा में 1586 बुजुर्ग भागीदारी करेंगे। बाढड़ा राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में परीक्षा की तैयारियों के लिए बीईओ जलकरण की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
बीईओ जलकरण ने बताया कि उल्लास कार्यक्रम केंद्र सरकार और राज्य सरकार का संयुक्त कार्यक्रम है। इसके अंतर्गत मुख्य रूप से मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान से संबंधित आकलन किया जाएगा। बीईओ ने बताया कि उल्लास कार्यक्रम नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत सभी के लिए शिक्षा लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए चलाया गया है। यह सत्र 2026-27 तक चलेगा। इसके लिए गांवों में स्कूल के माध्यम से वालंटियर अध्यापक बनाए गए हैं। वे उनके घर के सदस्यों या पड़ोस के निरक्षर बुजुर्गों को अक्षर ज्ञान प्रदान कर रहे हैं। परीक्षा के दौरान विद्यालय के अध्यापक सुपरवाइजर होंगे।
उल्लास के कोऑर्डिनेटर सत्यवान बीआरपी ने बताया कि जिला एवं खंडस्तरीय अधिकारी इसमें निरीक्षक की भूमिका में रहेंगे। परिणाम उसी दिन तैयार किया जाएगा। परीक्षा में उत्तीर्ण लोगों को नेशनल ओपन स्कूल की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इसके बाद अगले चरण की भी परीक्षा होगी।
बैठक में प्राचार्य गुलाब सिंह, यशपाल, करण सिंह, उमेश, बीआरपी सत्यवान, रेनू, सुमन, मीनाक्षी एबीआरसी, सतपाल, राजेश कुमार, नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
फोटो -33
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में बैठक को संबोधित करते बीईओ जलकरण।