चरखी दादरी। शहर की 63 साल पुरानी पेयजल लाइन में दो जगह लीकेज है। इसे ठीक करने का कार्य चल रहा है। इसका असर पेयजल आपूर्ति व शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ रहा है। इस लाइन से जुड़े 45 फीसदी शहर में पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है तो वहीं, लाइन मरम्मत कार्य के चलते परशुराम चौक के पास ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित है। शनिवार रात से लेकर रविवार सुबह तक जनस्वाथ्य विभाग की टीम लाइन लीकेज ठीक करने में जुटी रही।
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मुख्य 12 इंच लाइन दो स्थानों से लीकेज कर रही है। तीन दिन पहले भी विभाग ने पेयजल आपूर्ति बंद रखकर लाइन को ठीक किया था। इसके बाद फिर से लाइन दो जगह से लीक कर गई। इसके चलते शनिवार व रविवार को भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं, विभाग की टीम शनिवार रात से लीकेज ठीक करने की कवायद में जुटी हुई है। शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए वर्ष 1962 में चंपापुरी जलघर निर्माण के दौरान 12 इंच पाइपलाइन बिछाई गई थी। लंबे समय बाद जमीनी पानी का लेवल बढ़ने से मुख्य पेयजल लाइन पर इसका विपरीत असर पड़ने लगा। इससे लाइन लगातार जर्जर होती चली गई।