चरखी दादरी। शिक्षा बोर्ड की ओर से एचटेट (हरियाणा शिक्षा पात्रता परीक्षा) -2024 के पंजीकरण उपरांत अभ्यर्थियों को विवरणों में ऑनलाइन शुद्धि के लिए निशुल्क अवसर दिया गया था। अब पंजीकृत अभ्यर्थियों को विवरणों में शुद्धि का एक और अवसर प्रदान किया गया है। यह जानकारी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने दी।
डॉ. पवन ने बताया कि ऑफलाइन अवसर के तहत अभ्यर्थी अपने नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, ई-मेल, फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे के निशान, लेवल, जाति, श्रेणी, विषय, परीक्षा स्थान व आधार नंबर में संशोधन करवा सकते हैं। 12 जून को सुबह 9:00 से 4:00 बजे तक बोर्ड कार्यालय के कमरा नंबर 28 में उपस्थित होकर शुद्धि शुल्क सहित ऑफलाइन माध्यम से आवेदन जमा करवा सकते हैं।
डॉ. पवन ने बताया कि इसके अतिरिक्त एचटेट-2024 के लिए पंजीकृत अभ्यर्थी यदि एचटेट का केवल अतिरिक्त लेवल अपने पंजीकरण में जोड़ना या बढ़ाना चाहते हैं तो ऐसे अभ्यर्थी 12 जून तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से फीस के अंतर को जमा करवाते हुए ऑनलाइन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को शुद्धि से संबंधित यह अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। इसके उपरांत किसी भी प्रतिवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
26 व 27 जुलाई को होनी है परीक्षा
सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2024 के लेवल-1, 2 व 3 का आयोजन 26 व 27 जुलाई को करवाया जा रहा है। 26 जुलाई को लेवल-3 व 27 जुलाई को लेवल-2 व लेवल-1 की परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी।