बाढड़ा। गांव अटेला कलां स्थित एक मकान में बार-बार चोरी हो रहे घरेलू सामान की गुत्थी मकान मालिक के भाई ने एक शख्स को मौके पर पकड़कर सुलझा ली है। हालांकि उक्त शख्स मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पीड़ित ने गांव वासी युवक और उसके चार अन्य साथियों पर घरेलू और कृषि संयंत्र भी चोरी करने का आरोप लगाया है। अटेला कलां चौकी पुलिस ने इस संबंध में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अटेला कलां निवासी विजयपाल ने बताया कि वे डेढ़ साल से खेत से मकान में रह रहे हैं और उनका गांव में पुश्तैनी मकान है। उसने बताया कि एक साल से चोर उसके पुश्तैनी मकान से सामान चुरा रहे हैं, लेकिन अब तक वारदात करने वाले का पता नहीं चल पाया था। उसने बताया कि 9 जुलाई को उसका भाई महेंद्र तूड़ा लेने के लिए ट्रैक्टर लेकर पुश्तैनी मकान गया था। उस दौरान एक व्यक्ति उनके घर से दो हल लेकर बाहर आ रहा था। जब उसने आरोपी को पकड़ने की कोशिश को तो वह हल नीचे गिराकर वहां से भाग गया। इसके बाद विजयपाल भी मौके पर आ गया और समान की जांच की। जांच के दौरान मकान से एक एलईडी, कल्टीवेटर के सात हल, ट्रैक्टर ट्राॅली पाइप, ट्रैक्टर बैटरी, ट्रैक्टर हैरो के तव्वे, ट्रैक्टर हेरो बैरिंग कप, 10 टायरी ट्रक स्क्रेप, ट्यूबवेल हांडी, बैंड, पाइप, स्लाईरेंच, 12 क्विंटल लोहा स्क्रेप आदि सामान चोरी मिला। शिकायतकर्ता ने बताया कि चोरी हुए समान की कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये है। उसने पांच व्यक्तियों पर सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस से आरोपियों पर कार्रवाई कर सामान बरामद कराने की मांग की है।