विजेता महिलाओं को सम्मानित करते उपायुक्त व अन्य अतिथि।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शनिवार को गांव चरखी स्थित एससीआर स्कूल के मैदान में जिलास्तरीय ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खंड दादरी प्रथम व द्वितीय और बाढड़ा की खंडस्तर पर विजेता महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। म्यूजिकल चेयर स्पर्धा में खंड बाढड़ा की कृष्णा ने पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के तौर पर उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल ने शिरकत की। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशीला रानी, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी दादरी प्रथम गीता सहारण, द्वितीय रेखा श्योकंद, बाढड़ा से सुनीता सांगवान, दादरी के पूर्व विधायक सोमबीर सांगवान भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल ने खेलों के महत्व व स्वास्थ्य पर उनके सकारात्मक प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं, बल्कि मानसिक सशक्तिकरण का भी माध्यम बनते हैं। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी की सराहना की और इसे समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बताया।
प्रतियोगिता के दौरान खंड स्तर की भांति 17 से 30 वर्ष तक की महिलाओं के लिए 300 मीटर, 400 मीटर और साइकिल रेस का आयोजन किया गया, जबकि 30 वर्ष से ऊपर की महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर, 100 मीटर और डिस्कस थ्रो में खंड स्तर पर विजेता रही खिलाड़ियों ने भाग लिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशीला रानी ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को क्रमशः 4100, 3100 व 2100 रुपये की राशि उनके बैंक खातों में जमा करवाई जाएगी।