हरियाणा स्वाभिमान आंदोलन द्वारा निकाली जा रही किसान न्याय यात्रा का समापन रविवार को चरखी दादरी जिले में होगा। यात्रा के दादरी पहुंचने पर स्वागत की तैयारियां की जा रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग 152 डी व 352-ए के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण में उचित मुआवजा, फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी व किसानों की अन्य मांगों को लेकर किसान नेता रमेश दलाल के नेतृत्व में किसान न्याय यात्रा निकाली जा रही है।
किसान नेता रमेश दलाल ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों को नजरअंदाज किया तो किसान आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो किसान न्याय यात्रा के बाद आंदोलन में और अधिक प्रभावशाली एवं बड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसान अब किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाले नहीं हैं। रमेश दलाल ने कहा है कि हरियाणा का एक तिहाई हिस्सा एनसीआर में पड़ता है। इसके बावजूद मनोहर लाल सरकार के कार्यकाल में एक भी मेट्रो परियोजना या कोई अन्य बड़ा प्रोजेक्ट इस एनसीआर क्षेत्र को नहीं मिला। रमेश दलाल ने मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार मुक्त हरियाणा के दावे को भी गलत बताते हुए कहा कि दादरी जिले में ट्रकों से अवैध वसूली का जो मामले सामने आया है। इसकी अगर सीबीआई जांच हो जाए तो सरकार की असलियत सामने आ जाएगी।