किसान आंदोलन को मजबूत बनाने और अगली रणनीति तैयार करने के लिए सात फरवरी को चरखी गांव स्थित एससीआर स्कूल में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसमें राकैश टिकैत, गुरनाम सिंह चंढूनी समेत कई किसान नेता और प्रदेश की सभी खाप और संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
सांगवान खाप प्रधान एवं दादरी से निर्दलीय विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में पूरे देश में किसान धरने दे रहे हैं। सांगवान खाप-40 ने भी आंदोलन को मजबूती देने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में सात फरवरी को एससीआर स्कूल प्रांगण में सुबह 11 बजे किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। सोमबीर सांगवान ने कहा कि केंद्र सरकार हठधर्मी रवैया अपनाए हुए है। अगर ये तीनों कानून रद्द नहीं हुए तो न केवल किसानों बल्कि उनकी आने वाली पीढ़ियों का भी भविष्य बर्बाद हो जाएगा।
खापें खोल चुकीं जजपा-भाजपा के खिलाफ मोर्चा
जिले की सांगवान, फौगाट, श्योराण, सतगामा और हवेली खाप किसान आंदोलन को अपना समर्थन देने का एलान कर चुकी हैं। इसी कड़ी में प्रतिदिन जिले के विभिन्न गांवों से किसान रसद लेकर दिल्ली बॉर्डर पर जारी धरनों पर पहुंच रहे हैं। जिले की ज्यादातर खापें जजपा-भाजपा नेताओं के बहिष्कार का फैसला ले चुकी हैं।