बेटी विनेश फौगाट और दामाद बजरंग पूनिया समेत कई नामी पहलवानों के कुश्ती फेडरेशन के खिलाफ मोर्चा खोलने का असर दादरी जिले पर भी पड़ा है। एक तरफ विनेश और अन्य पहलवानों के समर्थन में द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान महाबीर फौगाट का पूरा परिवार दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं तो वहीं पहलवानों के समर्थन में उतरीं दादरी जिले की तमाम खापों ने शुक्रवार सुबह जंतर-मंतर कूच कर दी है।
सुबह करीब 10:30 बजे 17 गाड़ियों में सवार होकर खापों और जनसंगठनों के प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचे। फौगाट खाप-19 के प्रधान बलवंत नंबरदार ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचकर पहलवानों से बातचीत की गई और उनसे तमाम स्थिति जानी गई। उन्होंने बताया कि जंतर-मंतर पहुंचने वालों में फोगाट खाप-19, सांगवान खाप-40, श्योराण खाप-25, हवेली खाप-12, चिड़िया-5 और सतगामा खाप समेत कई संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे।
वहीं, विनेश के पैतृक गांव बलाली से सभी परिजन और महाबीर फौगाट एकेडमी के पहलवान भी दिल्ली में ही बेटी का साथ देने रुके हुए हैं। पिछले दो दिनों से परिवार वाले दिल्ली जा रहे हैं। खापों के पदाधिकारियों के साथ शुक्रवार सुबह पूर्व सीपीएस रणसिंह मान भी दिल्ली पहुंचे। उन्होंने इस वाक्य को निंदनीय बताया और सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की।
सिर पर हाथ रखते ही भावुक हुए पहलवान
सांगवान खाप सचिव नरसिंह डीपीई ने बताया कि खापों के पदाधिकारी जंतर-मंतर पर पहुंचे तो उस दौरान विनेश फौगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक बैठक में गए हुए थे। शाम को वो दस मिनट के लिए धरनास्थल पर पहुंचे और उस दौरान खाप पदाधिकारियों के उनके सिर पर हाथ रखने से वो भावुक हो गए। हालांकि खाप पदाधिकारियों ने उनका मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि हर हाल में ये संघर्ष रंग लाएगा और जीत सच्च की होगी।
सुनवाई न होने पर खापें कर सकती हैं दादरी में प्रदर्शन
अगर जल्द ही पहलवानों की मांगें पूरी नहीं होती है तो फिर दादरी जिले की खापें भी प्रदर्शन कर सकती हैं। इसकी चर्चा गत वीरवार को आयोजित पंचायत में हुई थी। खापों की योजना है कि शहर में एक बड़ा प्रदर्शन किया जाए और इसके बाद प्रशासन को खापों की ओर से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाए।
आज खापों के पदाधिकारी जंतर-मंतर पहुंचे थे। वहां विनेश फौगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक समेत अन्य पहलवानों से हमारी बात हुई। अगर जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आपसी मंथन के बाद कोई ठोस निर्णय भी लिया जा सकता है।
- बलवंत नंबरदार, प्रधान, फौगाट खाप-19
धरने पर बैठे सभी पहलवानों का हमने मनोबल बढ़ाया है। इस लड़ाई में सांगवान खाप-40 इन पहलवानों के साथ है। अगर कोई कड़ा कदम भी उठाना पड़ा तो पीछे नहीं हटेंगे। हर हाल में इन पहलवानों को न्याय दिलाया जाएगा।
- नरसिंह सांगवान, सचिव, सांगवान खाप-40