महापंचायत के मंच पर पहुंचने के बाद हाथ जोड़कर अभिनंदन स्वीकार करते महम से निर्दलीय विधायक बलरा?
- फोटो : CharkhiDadri
किसान महापंचायत में महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू का अभय चौटाला के इस्तीफा देने पर कटाक्ष करना मंचासीन लोगों को रास नहीं आया। उनकी बात का विरोध होते ही उन्होंने माइक छोड़ दिया और इसके बाद मंच संचालक ने उन्हें महापंचायत की मर्यादा न तोड़ने की नसीहत दी। हालांकि इससे पहले बलराज कुंडू ने जोशीला भाषण देकर किसानों का तालियां बंटोरी थी।
हुआ यूं कि संयुक्त किसान मोर्चा नेता बलबीर सिंह राजेवाल का संबोधन खत्म होते ही बलराज कुंडू माइक के पास पहुंच गए। उन्होंने कहा कि मैं आपको बताना चाहूंगा कि अभय चौटाला ने बीजेपी के कहने पर इस्तीफा दिया है और किसान संगठन उन्हें सम्मानित करने वाले हैं। उनकी इस बात पर मंच पर मौजूद लोगों ने उन्हें बीच में ही टोक दिया। इसके बाद उन्होंने माइक छोड़ दिया। इसके बाद मंच संचालक ने माइक के जरिये कहा कि आप महापंचायत की मर्यादा न तोड़े।
इस घटनाक्रम से पहले अपने संबोधन में बलराज कुंडू ने किसान नेता राकेश टिकैत की ओर इशारा करते हुए कहा कि किसान आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं, लेकिन उन्हें डर है कि आंदोलन को कोई मोड़ या तोड़ न दे। उन्होंने कहा कि आप वकील बनकर किसानों की लड़ाई जारी रखें और लोग आपके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने अपने संबोधन में किसी का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग उंगली कटवाकर शहीद का दर्जा लेने की फिराक में हैं और ऐसे लोगों से सावधान होने की जरूरत है।
दिल्ली के दूध, सब्जी और फल रोकने की कही बात
विधायक बलराज कुंडू ने कहा कि शांति से आंदोलन करके भी बात बनने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि क्रांतिकारी कदम उठाने की भी जरूरत है। उनका व्यक्तिगत विचार है कि दिल्ली जाने वाली फलों, सब्जियों, राशन और दूध की सप्लाई रोक देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दादरी विधायक सोमबीर सांगवान के किसानों के समर्थन में आने से उनकी ताकत अब एक और एक ग्यारह जितनी हो गई है।