झोझूकलां। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) भिवानी की ओर से आयोजित दो दिवसीय इंटर कॉलेज कबड्डी स्पर्धा में झोझूकलां महिला महाविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम के उपविजेता रहने पर मंगलवार को महाविद्यालय प्रांगण में समारोह आयोजित कर कबड्डी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
प्रथम दिन महाविद्यालय की टीम ने सीबीएलयू की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे दिन महाविद्यालय की टीम का फाइनल मुकाबला आदर्श महाविद्यालय भिवानी के साथ हुआ जिसमें महाविद्यालय की टीम ने अच्छा प्रदर्शन कर 44-45 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पाया।
प्राचार्या डॉ. मंजू सांगवान ने खिलाड़ियों को बधाई दी। महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान धर्मवीर सिंह, कोषाध्यक्ष मांगेराम और एडवोकेट सुरेंद्रपाल सिंह ने छात्राओं को बधाई दी। इस अवसर पर सहसंयोजक पूनम, रीतू सांगवान और कबड्डी कोच सोनू सांगवान मौजूद रहीं।
कांस्य पदक विजेता पहलवान दीक्षा सम्मानित
चरखी दादरी। दादा रेढूनाथ व्यायामशाला एवं बहादुर सिंह अखाड़े की पहलवान दीक्षा ने शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता है। दीक्षा ने हाल ही में रोहतक में आयोजित राज्यस्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की।
पदक विजेता पहलवान को मंगलवार को अखाड़ा संचालक और मुख्य कोच यासिन खान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कोच ने बताया कि 19 से 21 अक्तूबर तक स्कूली प्रांतीय चैंपियनशिप का आयोजन रोहतक के छोटू राम स्टेडियम में किया गया। पहलवान दीक्षा ने आयु वर्ग अंडर- 11 में 34 किलोग्राम प्लस में कांस्य पदक जीता। इस मौके पर कोच प्रदीप दूधवा, मनीष पहलवान, जीता, भूप मिश्री, अजय, नितिन सांगवान, यमन, नमन, चेतन, आतिश, साहिल, मोहित आदि मौजूद रहे।