नारनौंद। कस्बे के वार्ड नंबर 10 में एक मकान से चोर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुराकर ले गए। वारदात को उस समय अंजाम दिया जब घर के कुछ सदस्य किसी काम से सोनीपत गए हुए थे और कुछ कमरे में सो रहे थे। सुबह चोरी की वारदात का पता चला।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। वार्ड नंबर 10 निवासी रामफल सिंह ने बताया कि 13 जनवरी को वह किसी काम से रिश्तेदारी में अपने परिवार सहित सोनीपत गया हुआ था। घर पर बेटे दीपक व चिंटू और पिता जिले सिंह थे। जो मकान के निचले हिस्से में अंदर कमरे में सोए हुए थे। 14 जनवरी सुबह जब बेटा चिंटू पहली मंजिल पर गया तो देखा कि कमरे में रखा हुआ सामान बिखरा पड़ा है।
चोर एक सोने की गलसरी, 2 लोकेट, बालियां, दो कोके, तीली, टॉपस, दो तबीजी, चांदी की एक सिर की सई, दो जोड़ी पायल, 5 अंगूठी, 11 चांदी की जोड़ी चुटकी, एक जोड़ी तागड़ी गुच्छा, एक चेन और 94 हजार की नकदी ले गए। इसके अलावा खाने की वस्तुएं भी ले गए।
बस में महिला के बैग से गहने चोरी
फतेहाबाद के ध्यानार्थ हिसार। फतेहाबाद के पीली मंदौरी गांव से बस में सवार होकर हिसार आ रही ज्योति गुप्ता के बैग से सोने के जेवरात चोरी हो गए। इस संबंध में शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। ज्योति गुप्ता ने बताया कि वह बुधवार सुबह अपने घर से हिसार आने के लिए गांव के बस अड्डे पर आई थी। फिर बस में बैठ गई। हिसार बस स्टैंड पहुंचने के बाद बैग संभाला तो सोने के गहने गायब मिले। बैग में सोने के झुमके, सोने की चेन, सोने की नोज और अन्य जेवरात थे।