- अमर उजाला ब्यूरो चरखी दादरी। सांगवान खान कन्नी प्रधान चरखी निवासी प्रदीप मौत मामले की गुत्थी जिला पुलिस ने सुलझा ली है। प्रदीप की हत्या की गई थी और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जेबीटी शिक्षक आरोपी जयबीर को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। डीएसपी शमशेर सिंह दहिया ने बताया कि अवैध संबंधों में रोडा बनने के चलते प्रदीप की हत्या की गई थी। मृतक की पत्नी मोनिका के आरोपी जयबीर के साथ अवैध संबंध थे। मृतक की पत्नी भी जेबीटी शिक्षका है। वहीं, सूत्रों की मानें तो जल्द ही मृतक की पत्नी की भी गिरफ्तारी हो सकती है। ज्ञात रहे कि सांगवान खाप कन्नी प्रधान चरखी गांव निवासी प्रदीप सांगवान गत दस अप्रैल को मृत मिला था। उसके साथ मूल रूप से घसोला निवासी और फिलहाल दादरी शहर में रह रहा जेबीटी शिक्षक जयबीर भी साथ था। जयबीर ने प्रदीप की मौत का कारण पेड़ से कार टकराना बताया था और 11 अप्रैल को पुलिस ने जयबीर के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर संदेहजनक मामला लगने पर चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया था। 14 अप्रैल को पुलिस ने मृतक प्रदीप के भाई सुनील की शिकायत पर जयबीर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। बुधवार को महिला थाने में डीएसपी शमशेर सिंह दहिया व डीएसपी हेड क्वार्टर जोगेंद्र सिंह ने सदर थाना एसएचओ के साथ प्रेसवार्ता की। डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि प्रदीप की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि जेबीटी शिक्षक जयबीर ने हत्याकांड को अंजाम दिया था और मंगलवार शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार सुबह उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए 25 अप्रैल तक रिमांड पर लिया है। वहीं, पुलिस सूत्रों की मानें तो इस मामले में मृतक की पत्नी की भी जल्द गिरफ्तारी संभव है। हत्याकांड को योजनाबद्घ तरिके से अंजाम दिया गया था। बाक्सः कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में बीएड करते समय आए थे एक-दूसरे के संपर्क में डीएसपी हेडक्वार्टर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी जयबीर और मृतक की पत्नी मोनिका जेबीटी शिक्षक है। 2018 में दोनों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से बीएड की थी और इसी दौरान दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। इसके बाद से ही दोनों के बीच अवैध संबंध थे। कुछ दिन पहले प्रदीप को शक हो गया था और उसने अपनी पत्नी के फोन पर बात करने से लेकर बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी थी। इसके चलते जयबीर ने प्रदीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।