दादरी क्षेत्र में बिजित कपास की फसल।
चरखी दादरी। जिले के जो किसान खरीफ फसलों की बुआई कर चुके हैं, वे अपनी फसल का पंजीकरण मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर अवश्य करवाएं। सरकार ने किसानों के हित को देखते हुए पंजीकरण की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया है। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि सरकार उन्हीं किसानों की उपज खरीदेगी, जिनका पंजीकरण पोर्टल पर दर्ज होगा। ऐसे में किसान किसी भी असुविधा से बचने और सरकार की ओर से निर्धारित दाम पर फसल बेचने के लिए समय रहते पंजीकरण सुनिश्चित करें। किसानों के कल्याण के लिए सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी पोर्टल पर पंजीकरण करवाने वालों को ही मिलेगा। पंजीकरण के लिए किसान के पास परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि किसान अपनी फसल का पंजीकरण स्वयं पोर्टल पर जाकर या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से करवा सकते हैं। किसी भी जानकारी के लिए किसान टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 पर संपर्क कर सकते हैं। पोर्टल पर पंजीकरण होने से सरकार के पास किसानों का ब्योरा एकत्रित हो जाता है, जिससे उन्हें मंडी बुलाने की प्रक्रिया आसान हो जाती है। किसानों के मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजकर मंडी में आने का दिन व समय बता दिया जाता है। वहीं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए भी पोर्टल पर पंजीकरण आवश्यक है।