चरखी दादरी। प्रत्येक स्कूल के लिए अध्यापकों व अन्य सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन करवाना अनिवार्य है। स्कूल बसों के चालकों को फस्ट एड की ट्रेनिंग भी दिलवाई जाए। यह बात राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य मीना व मांगेराम ने वीरवार को दादरी जिला के स्कूलों का निरीक्षण करते समय कही। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फौगाट व संबंधित विभागों के अधिकारी भी उनके साथ रहे।
हरियाणा राज्य बाल संरक्षण आयोग पंचकूला की टीम ने वीरवार को दादरी जिला के अनेक स्कूलों का निरीक्षण किया और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत बसों की भी जांच की। इस दौरान जिला के अनेक विभागों की टीमें भी उनके साथ रही। स्कूल बसों में कमियां पाए जाने पर पुलिस विभाग, आरटीए व अग्निशमन विभाग की टीमों ने चालान भी किए।
राज्य बाल संरक्षण आयोग की टीम ने स्कूल बसों में सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र से संबंधित उपकरण, फर्स्ट एड किट, लाइटें, बसों में महिला सहायक, प्रेेशर हॉर्न आदि की जांच की और कमियां पाए जाने पर संंबंधित विभाग की ओेर से चालान भी किए गए। राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य मांगेराम व मीना ने स्कूल संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षित स्कूल सुरक्षा वाहन पॉलिसी का पालन नहीं करने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। सरकार बच्चों की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है और कोई भी शिक्षण संस्थान बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग नहीं मिलता है तो संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
इस दौरान बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन शिल्पी मड़िया, जिला बाल संरक्षण कार्यालय से अर्चना, मंजू, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. कमल कुमार, नारायण दत्त, अंकित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
15 बसों के किए चालान
राज्य बाल संरक्षण आयोग की टीम ने चार स्कूलों की 100 से अधिक बसों का निरीक्षण किया और 15 बसों के चालान किए। सबसे पहले जीआर वी स्कूल के निरीक्षण के दौरान स्कूल की दो बसों में प्रेशर हॉर्न व एक बस में महिला सहायक न होने पर आरटीए कार्यालय की टीम ने चालान किये। बस चालकों व सहायक की पुलिस वेरिफिकेशन न पाए जाने पर स्कूल को चेतावनी दी और जल्द से जल्द सभी स्टाफ सदस्यों का पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार आर्यंस स्कूल की दो बसों में अग्निशमन यंत्र नहीं मिलने व एक बस की हाई सिक्योरिटी प्लेट न होने पर उनका चालान किया गया। आर ईडी स्कूल के निरीक्षण के दौरान दो बसों में महिला सहायक नहीं मिलने व चार में अग्निशमन यंत्र न मिलने पर चालान किया गया। इसके बाद एस सीआर स्कूल चरखी में बसों में फर्स्ट एड किट नहीं मिले व एक बस की हाई सिक्योरिटी प्लेट न होने पर बसों का चालान किया गया।