दूषित पानी के समाधान की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय में प्रवाचक को ज्ञापन देते एक्स सर्विस मै
बाढड़ा। कस्बे में सीएसडी कैंटीन के सामने से दूषित पानी की निकासी ने होने से परेशान हरियाणा एक्सर्विस मैन लीग व भूतपूर्व सैनिक संघ ने प्रशासन के खिलाफ रोष मार्च निकाला। भूतपूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों ने इसे लेकर एसडीएम व बीडीपीओ कार्यालय में ज्ञापन भी दिया।
एक्स सर्विस मैन लीग जिलाध्यक्ष राजेश श्योराण बाढड़ा की अगुवाई में बाढड़ा, दादरी व लोहारू क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों ने कैंटीन से किसान भवन तक रोष मार्च निकाला और वहां बैठक आयोजित कर जिला प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि बाढड़ा में नगरपालिका का दर्जा वापस लेने के बाद अब तक नहीं सरपंच चुना गया है। बीडीपीओ को प्रशासक की जिम्मेदारी दी गई है। वे भी कस्बे की समस्या को लेकर कोई रुचि नहीं ले रही है। कैंटीन के सामने दूषित पानी से मिनी तालाब बना हुआ है और प्रशासक के तौर पर बीडीपीओ कार्यालय ने पानी की निकासी के लिए कोई कदम नहीं उठाया है जिसका खामियाजा व्यापारियों, झोझू रोड के आमजन व कैँटीन में आने वाले सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को भुगतना पड़ रहा है।
राजेश ने कहा कि पंचायत समिति के पास पर्याप्त बजट होने के बाद भी पंचायत विभाग कोई कदम नहीं उठा रहा है। पूर्व सैनिकों ने एसडीएम की गैरमौजूदगी में एसडीएम प्रवाचक सुरेंद्र बागड़ी व बीडीपीओ कार्यालय में एसईपीओ अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपा। रोष-प्रदर्शन में कप्तान भीम सिंह द्वारका, कप्तान दुलीचंद बेरला, कप्तान देशराम काकड़ौली, सूबेदार मेजर कृष्ण चांदवास, धर्मपाल बारवास, पहलवान विरेंद्र बडराई, हवलदार रमेश कुमार आदि मौजूद रहे।