विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए प्राचार्य।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जनता कॉलेज में बीएससी एक्चुअरियल साइंस विभाग की ओर से इंटरनेशनल एक्चुअरीज डे मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक्चुअरियल प्रोफेशन के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बीमा, जोखिम प्रबंधन और संबंधित विषयों की व्यावहारिक समझ विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य गतिविधि पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता रही, जिसमें 11 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने बीमा और जोखिम प्रबंधन से जुड़े विषयों पर आकर्षक एवं रचनात्मक पोस्टर तैयार किए। प्रतियोगिता में अंतिम वर्ष की छात्रा भावना ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं द्वितीय वर्ष की छात्राएं साक्षी और शालू दूसरे स्थान पर रहीं।
इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए बीमा और जोखिम प्रबंधन से संबंधित विभिन्न खेल एवं संवादात्मक गतिविधियां भी करवाई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा में सीखी अवधारणाओं को व्यावहारिक और रोचक तरीके से समझने का अवसर मिला।
एक्चुअरियल साइंस विभाग की विभागाध्यक्ष रक्षिता ने कार्यक्रम के आयोजन में पहल की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर सीखने, रचनात्मकता बढ़ाने और विषय की व्यावहारिक समझ विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. जयवीर सिंह ने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को एक्चुअरियल साइंस के क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक अवसरों को पहचानने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।