चरखी दादरी। अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए दादरी पुलिस ने 17-18 नवंबर की मध्यरात्रि को रावलधी चौक पर सघन नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस टीम ने 44 वाहनों की जांच की और यातायात नियमों की अवहेलना करने पर चार वाहनों के चालान काटे।
विज्ञापन
एसपी लोगेश कुमार पी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी कप्तान सिंह ने किया। इंस्पेक्टर सुरेश की अगुवाई में 16 पुलिसकर्मियों की टीम नाके पर तैनात रही। पुलिसकर्मियों ने नाके से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों को रुकवाकर उनकी बारीकी से जांच की। रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस टीम ने मेटल डिटेक्टर और टॉर्च की मदद से वाहनों की डिक्की, सीटों के नीचे और अन्य हिस्सों की तलाशी ली। इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों और यातायात नियमों के पालन की भी जांच की गई।