चरखी दादरी। भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की सामान्य पर्यवेक्षक आर गजलक्ष्मी ने सोमवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्हें कुछ जगहों पर खामियां मिलीं तो उन्होंने इन खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। संबंधित एआरओ से मतदान केंद्रों की सभी व्यवस्थाओं की रिपोर्ट भी मांगी।
सामान्य पर्यवेक्षक आर गजलक्ष्मी ने सोमवार को निरीक्षण भवन में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के प्रबंधों सहित सुरक्षा व्यवस्था पर भी संतोष जताया।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए चुनाव करवाना सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसलिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपनी चुनाव ड्यूटी का निर्वहन पूरी सजगता से सतर्क रहते हुए करें। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी चुनाव करवाना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे में चुनाव से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के लिए सभी अधिकारी आपसी तालमेल और गंभीरता से अपना दायित्व निभाएं।
बैठक लेने के बाद उन्हाेंने अन्य अधिकारियों के साथ शहर की आदर्श धर्मशाला, खटीकान धर्मशाला, वाल्मिकी बस्ती सामुदायिक केंद्र और कबीर बस्ती स्कूल समेत घसौला और दातौली गांव में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि एक स्थान पर दो मतदान केंद्रों के लिए विभाजन करके व्यवस्था की जाए और इस कार्य को जल्द पूरा करवाएं।
- किसी भी मतदाता को नहीं होनी चाहिए परेशानी
आर गजलक्ष्मी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर सभी प्रकार की न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। मतदान के दिन बुजुर्गों और दिव्यांगों की सहायता के लिए संबंधित बीएलओ की देखरेख में स्वयंसेवक मौजूद रहें। मतदाताओं के लिए रैंप सुविधा, महिलाओं, पुरुषों के लिए अलग शौचालय, पेयजल, टेबल, कुर्सियां आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतदाता के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए।