चरखी दादरी। मौसम विभाग की ओर से चरखी दादरी में अगले 48 घंटे में लू की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहकर सावधानी बरतने की जरूरत है। उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने जिले के लोगों से गर्मी एवं लू के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि हरियाणा में शुष्क मौसम, तापमान में वृद्धि और लू की स्थित बनी है। अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दिनों में आसमान साफ रहने के साथ मुख्यत: मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में लू की चेतावनी भी जारी की है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगो से अपील की है कि वें अपने आपको हाइड्रेट रखने के लिए अधिक मात्रा में पानी पीएं। अल्कोहल और कैफीन युक्त पेय पदार्थों का सेवन बिल्कुल न करें। धूप में निकलने से बचें, अत्यधिक गर्मी के समय (सुबह 11 बजे से शाम चार बजे) घर के अंदर ही रहें। हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनकर बाहर जाएं। सिर को टोपी, गीले कपड़े या छाते से ढकें। घर में मौजूद बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों पर विशेष ध्यान दें। अत्यधिक परिश्रम वाले कार्य जैसे व्यायाम अथवा शारीरिक मेहनत को स्थगित कर दें।
- मौसम अनुसार तय करें शेड्यूल
उपायुक्त ने कहा कि कार्य शेड्यूल को दिन के ठंडे भागों के अनुसार समायोजित करें। खेत पर काम करने के दौरान छायादार या ठंडी जगह में बार-बार विश्राम करते रहें, पूरे दिन पानी पीते रहें।
-इन स्थितियों में रहें सचेत
आपातकालीन स्थिति होने पर गर्मी से संबंधित बीमारियों के लक्षणों को जानें, जैसे गर्मी से थकावट और झटके (चक्कर आना, मतली, सिरदर्द, तेज दिल की धड़कन और बेहोशी)। किसी भी लक्षण के मामले में, तत्काल चिकित्सा सहायता लें। पशुओं का भी विशेष ख्याल रखें।