काकड़ौली हुक्मी गांव में लोगों से मिलतीं इनेलो नेता सुनैना चौटाला।
बाढड़ा। गांव काकड़ौली हुक्मी में इनेलो नेता सुनैना चौटाला की मौजूदगी में शुक्रवार को युवाओं और किसानों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव विजय पंचगावां ने कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का भरोसा भी दिया। सुनैना चौटाला ने कहा कि देश की जनता भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है। युवा रोजगार और किसान खाद व बीज के लिए तरस रहे हैं, जबकि सरकार उत्सव मना रही है।
सुनैना ने आरोप लगाया कि पिछले कई सालों से हरियाणा की जनता की उपेक्षा हुई है और बड़े राजकीय पदों पर बाहरी लोगों की भर्ती हो रही है, जबकि प्रदेश का युवा केवल चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों के लिए संघर्ष कर रहा है। सुनैना ने कहा कि प्रदेश में अराजकता बढ़ चुकी है और बदलाव अब तय है। उन्होंने याद दिलाया कि जब भी जनविरोधी सरकार को सत्ता से हटाया गया, उसका नेतृत्व देवीलाल या उनके अनुयायियों ने किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सूबेसिंह अटेला, राकेश, आनंद श्योराण, उद्यम सिंह, जयभगवान, पूर्व चेयरमैन सुरेश मान, रामौतार, सुभाष लाडावास और दीपक श्योराण मौजूद रहे।