चरखी दादरी। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के पूर्व चेयरमैन एवं बाढड़ा से पूर्व विधायक कर्नल रघबीर सिंह छिल्लर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पूरा देश आक्रोशित है। उन्होंने इस कायराना हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारत सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सरकार से पाकिस्तान में घुस कर आतंकी ठिकानों पर हकला करने की पुरजोर अपील की है।
उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर निर्दोष लोगों की हत्या करना बेहद शर्मनाक और अमानवीय कृत्य है। आतंकी जिस तरह से धर्म पूछकर लोगों को गोली मार रहे थे, यह इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना है। रघबीर सिंह ने कहा कि डिप्लोमैट तौर पर भारत सरकार ने तत्काल पाकिस्तान पर ठोस प्रतिबंध लगा कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान को अलग-थलग कर दिया है। अब सैन्य कार्रवाई कर पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को चुन-चुन कर मारना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक करे। अगर जरूरत पड़े तो पाकिस्तान में घुसकर भी आतंकियों को मारा जाए। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक आज सरकार के साथ है। भारत एक संप्रभु राष्ट्र है और उसकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।