Independent MLA Sombir Sangwan withdrew support to the government
- फोटो : CharkhiDadri
किसान आंदोलन को सहयोग देने के लिए निर्दलीय विधायक सोमबीर सांगवान ने सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है। इसकी घोषणा उन्होंने मंगलवार को बाबा स्वामी दयाल धाम पर हुई सर्वजातीय और सर्वखापीय बैठक में की। उन्होंने प्रदेश सरकार के अध्यक्ष को पत्र लिखा है। इस घोषणा करने के बाद विधायक सांगवान खाप-40 की अगुवाई कर दिल्ली कूच कर गए।
बता दें कि विधायक सोमबीर सांगवान खाप सांगवान-40 के प्रधान हैं। आंदोलन में किसान मंझधार में फंसे थे। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने सरकार को समर्थन दिया था। सरकार ने उन्हें पशुधन विकास बोर्ड का चेयरमैन बनाया था। सोमवार को ही उन्होंने चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया और इसके अगले ही दिन दिल्ली कूच करने से पहले सर्वजातीय और सर्वखापीय बैठक में सरकार से समर्थन वापस लेने की घोषणा कर दी।
सोमबीर सांगवान से पहले महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू भी सरकार से समर्थन वापस ले चुके हैं। दादरी जिले से पूर्व विधायक राजदीप फौगाट हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन हैं, तो वहीं, भाजपा नेत्री एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बबीता फौगाट के पास महिला विकास विभाग के चेयरमैन का पद है। अब फौगाट खाप भी किसान आंदोलन के समर्थन में खुलकर आ गई है, ऐसे में विधायक सोमबीर के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने के बाद इन दो नुमाइंदों पर भी यकीनन काफी दबाव है।
सरकार ने काटा टिकट तो निर्दलीय चुनाव लड़ बने विधायक
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की ओर से सोमबीर सांगवान को चुनाव मैदान में उतारने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सोमबीर की टिकट काटकर दंगल गर्ल बबीता फौगाट को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया। सोमबीर सांगवान ने निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। चुनाव से पहले तत्कालीन भाजपा जिलाध्यक्ष ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी और प्राथमिक सदस्यता के लिए निष्काषित किया था। सोमबीर ने विधायक बनने के बाद सरकार को समर्थन दे दिया था।
किसानों के साथ जुल्म हो रहा है और मैं किसान आंदोलन में भाईचारे के साथ हूं। सोमवार को मैंने चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया था और मौजूदा सरकार को दिया समर्थन अब मैं वापस लेता हूं। इस सरकार के साथ मैं काम नहीं कर सकता।
सोमबीर सांगवान, विधायक दादरी