बलिदान स्टेडियम में आयोजन स्थल पर लगा टैंट ।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। इस साल देश 15 अगस्त के दिन अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। यह दिन देश की उन वीरों की गौरव गाथा व बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने अंग्रेजों के दमन से आजाद करवाने में अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। चरखी दादरी में जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन जनता कॉलेज के बलिदान स्टेडियम में सुबह नौ बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।
75वां स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां कर ली गई हैं। बलिदान स्टेडियम के आसपास सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। बलिदान स्टेडियम में होने वाले समारोह में करीब 200 पुलिस कर्मचारी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। महिला पुलिस व स्पेशल कामांड़ों के जवान लगातार गश्त करेंगे। वहीं समारोह में मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री कवंरपाल पहले गार्डन स्थित शहीद स्मारक पर जिला के अमर सेनानियों को पुष्प चक्र अर्पित करेंगे। समारोह में हरियाणा पुलिस, होमगार्ड व एनसीसी कैडेट्स मार्च पास्ट करेंगे। समारोह के अंत में शिक्षा मंत्री प्रशंसनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों, समाजसेवी, खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।
इन स्कूलों की टीमें देंगीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में परसराम हेतराम स्कूल चरखी दादरी, जेबीएस स्कूल मकड़ाना, वैश्य स्कूल चरखी दादरी, शहीद दलबीर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल चरखी दादरी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सांजरवास, रानीला और चरखी दादरी की टीमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगी।