बाढड़ा। पंचायत समिति चेयरमैन के प्रतिनिधि आनंद फौजी डालावास ने गांव जेवली में दस लाख रुपये की लागत से तैयार शेड का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम सरपंच सोमेश श्योराण की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। आनंद फौजी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास के लिए अनेक योजनाएं चला रही हैं।
उन्होंने बताया कि सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक उमेद पातुवास और विधायक सुनील सांगवान के मार्गदर्शन में बाढड़ा पंचायत समिति दस करोड़ रुपये से अधिक का बजट खर्च कर रही है। पंचायत समिति चेयरमैन दर्शना डालावास और उपाध्यक्ष सुमन भांडवा के नेतृत्व में यह कार्य हो रहा है।
यह बजट पेयजल आपूर्ति लाइन, कच्ची सड़क निर्माण और गंदे पानी की निकासी जैसी विकास योजनाओं पर लगाया जा रहा है। मौजूदा वित्त वर्ष में भी करोड़ों रुपये की योजनाओं पर काम जारी है। सरकार हर गांव और घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में सभी गांवों में वाटर टैंकों का वितरण किया गया है।
'जलदान महादान' के महत्व पर जोर दिया
आनंद फौजी ने ''जलदान महादान'' के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने पूर्वजों की परंपरा का उल्लेख करते हुए पीने के पानी की आपूर्ति की मुहिम को आगे बढ़ाने की बात कही। इस अवसर पर कृष्ण, पूर्व सरपंच प्रताप, अशोक कुमार, बलिया ठेकेदार, भूपेंद्र सिंह, डॉ. दिनेश कुमार और रामकिशन बीडीसी सहित कई लोग मौजूद रहे।