बिजली निगम ने त्योहारी सीजन को देखते हुए बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए अभी से काम शुरू कर दिया है। डिविजन स्तर पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। दूसरी ओर त्योहारी सीजन को देखते हुए ट्रांसफार्मर रिजर्व रखे जाएंगे ताकि लोड की वजह से बिजली आपूर्ति में व्यवधान न आए। वहीं, निगम की ओर से शहर के सभी बिजली ट्रांसफार्मरों का रखरखाव भी किया जाएगा। इन तमाम कार्याें की योजना तैयार की जा चुकी है।
जिला भर में 90 फीडर के जरिये आपूर्ति की जाती है जबकि प्रतिमाह बिजली खपत 800 लाख यूनिट है। त्योहारी सीजन को देखते हुए बिजली निगम ने अपनी तैयारियां शुरू कर रखी हैं। खासकर दिवाली पर्व को लेकर बिजली निगम विशेष तैयारियां कर रहा है ताकि बिजली फॉल्ट न होने पाए और लोगों को परेशानी न होने पाए।
बिजली निगम की ओर से चरखी पावर सब स्टेशन और रेलवे रोड स्थित पावर स्टेशन के जरिये पूरे शहर में बिजली की आपूर्ति की जाती है। रेलवे रोड सब स्टेशन से करीब 45 प्रतिशत एरिया में आपूर्ति की जाती है। शहर के कुछ एरिया में साथ लगते गांव घसोला पावर सब स्टेशन से भी बिजली की आपूर्ति की जाती है।
शहर में इस समय करीब 18 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं को 1300 बिजली ट्रांसफार्मर के जरिये बिजली आपूर्ति की जाती है। इनके अलावा 860 मिनी ट्रांसफार्मर भी लगे हुए हैं। शहर की बात करें तो कुल 12 फीडर हैं।
- ये भी होंगे काम
अब निगम ने इस प्लान के तहत शहर के सभी ट्रांसफार्मर की मेंटेंनेंस की योजना तैयार कर ली है। पुराने जंपर चेंज किए जाने हैं। ट्रांसफार्मरों में तेल की मात्रा की जांच जानी है। जरूरत के अनुसार केबल भी लगाई जानी हैं ताकि फॉल्ट कम से कम आएं।
- शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का प्रावधान, पावर कट बढ़े
शहर में वैसे तो 24 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है लेकिन फॉल्ट ज्यादा मात्रा में आने की वजह से आपूर्ति ज्यादा प्रभावित रहती है। दिवाली पर्व पर बिजली की खपत भी 10 प्रतिशत एक्सट्रा बढ़ जाती है। शहर की प्रतिदिन की बिजली खपत पौने तीन लाख यूनिट है।
- शहर के लिए लगाई 30 कर्मचारियों की ड्यूटी
निगम ने मेंटेंनेंस वर्क के लिए जिला भर में 30 से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है। यह कर्मचारी शहर व गांवों में बारी- बारी से फीडर वाइज मेंटेंनेंस का काम पूरा करेंगे। यह मेंटेंनेंस होने पर आने वाले सर्दी के मौसम में भी उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं आएगी। सर्दी के मौसम में भी सुबह-शाम लोड ज्यादा बढ़ता है। इस वजह से पेयजल आपूर्ति भी चरमरा जाती है।
निगम ने त्योहारी सीजन को देखते हुए अभी से काम शुरू कर दिया है। कर्मचारियों की मेंटेंनेंस वर्क के लिए ड्यूटी लगा दी गई है। यह कर्मचारी एरिया वाइज मेंटेंनेंस का काम पूरा करेंगें। जरूरत के अनुसार नई तारें भी लगाई जाएंगीं।
-प्रवीन कुमार, जेई, बिजली निगम