चरखी दादरी। जिले के विभिन्न केंद्रों पर बीते तीन दिनों में 14 हजार यूरिया खाद के बैग वितरित किए गए। अब 11 हजार बैग की अगली खेप 24 जुलाई से पहले पहुंचने की उम्मीद है। दादरी की पुरानी अनाज मंडी स्थित जमींदारा सोसायटी के माध्यम से 3,100 बैग खाद वितरित किए गए हैं।
खाद की उपलब्धता होते ही किसान केंद्रों पर पहुंच जाते हैं और कुछ ही घंटों में उठान हो जाता है। वितरण का कार्य सभी पैक्स समितियों और निजी विक्रेताओं के माध्यम से किया गया, जिससे मंगलवार को केंद्रों पर ज्यादा भीड़ नहीं देखी गई।
शनिवार को जिले में 14,000 बैग यूरिया खाद पहुंची थी, जिससे अब तक कुल 4,228 मीट्रिक टन खाद का आगमन हो चुका है। खरीफ सीजन के लिए सितंबर तक जिले में 35,000 मीट्रिक टन यूरिया की जरूरत है। मंगलवार को भी खाद वितरण जारी रहा और पर्याप्त स्टॉक के चलते अधिकांश किसानों को खाद आसानी से मिल गई।
::::::::
24 जुलाई तक यूरिया खाद की अगली खेप पहुंच जाएगी। करीब 11 हजार बैग आएंगे। खाद की फिलहाल कोई कमी नहीं है। किसान धैर्य बनाए रखें। - कृष्ण कुमार, एसडीओ, कृषि विभाग